रांची: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रखने का आदेश दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश के मुताबिक, सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में केजी से 12वीं तक की कक्षाएं इन दो दिनों में नहीं चलेंगी।
प्रशासन का यह फैसला मौसम विभाग की ओर से झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और रांची में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताए जाने के बाद आया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए रांची समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
परीक्षा पर निजी स्कूल खुद लेंगे फैसला
जिन निजी स्कूलों में 28 या 29 अक्टूबर को पहले से परीक्षा निर्धारित है, वहां परीक्षा कराने या स्थगित करने का निर्णय स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर ले सकेगा। हालांकि, इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को सूचना देना अनिवार्य होगा।
शिक्षकों की उपस्थिति रहेगी अनिवार्य
विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद शिक्षकों और शिक्षिकाओं को दोनों दिन विद्यालय पहुंचना होगा। उन्हें स्कूल में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना है। सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से जारी निर्देशों का पालन करने को भी कहा है।

