रामगढ़: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आगामी 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें सभी पर्यवेक्षक सह स्थिर दंडाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारी सह उड़न दस्ता दल, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे। बैठक में उपायुक्त ने शांति पूर्ण माहौल में कदाचार मुक्त परीक्षा के संचालन हेतु सख्त निर्देश दिए।
कदाचार मुक्त परीक्षा पहली प्राथमिकता : उपायुक्त
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन में दंडाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों का उत्तरदायित्व सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बैठक में बताए जा रहे हर तकनीकी निर्देश को ध्यानपूर्वक सुनें और यदि मन में कोई भी संशय या दुविधा हो, तो उसका त्वरित निवारण कर लें ताकि परीक्षा के दिन कार्य सुचारू रूप से चल सके।
सुरक्षा और प्रक्रियाओं पर रहेगा विशेष जोर
बैठक के दौरान परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय कड़ी जांच सुनिश्चित करना, प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं (OMR Sheets) को सुरक्षित तरीके से लाने-ले जाने और सील करने की विधि और परीक्षा के पूर्व, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्ति के बाद किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
रामगढ़ जिले में 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस बार JPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 2,940 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाहन 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 तक और द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्र और आसपास सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी और सभी 13 केंद्रों के प्रधानाध्यापक सह केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।
