रामगढ़: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ थाना अंतर्गत रामगढ़-अरगड्डा मुख्य मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान रामगढ़ निवासी बादल कुमार और पतरातू निवासी सोनू नन्दी के रूप में हुई है। पुलिस ने युवकों के पास से दो देशी पिस्टल, 9एमएम की तीन जिंदा गोली, दो एंड्रॉयड स्मार्टफोन और पल्सर मोटरसाईकिल जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक रामगढ़ अजय कुमार ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती रात तकरीबन 11:25 बजे गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति हथियार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामगढ़ थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) चंदन वत्स के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जगह-जगह एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया।

इस क्रम में देर रात तकरीबन 02:30 बजे रामगढ़-अरगड्डा सड़क पर बड़का चुंबा जानेवाली सड़क के चौराहे के निकट पुलिस को काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवक आते दिखे। जिन्हें रूकने का इशारा किया गया। जिसपर बाइक सवार युवक यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास करने। इस बीच पुलिस बल में शामिल जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। उनकी पहचान बादल कुमार, पिता गुड्डू राम, निवासी कैन्टोमेन्ट स्टाफ क्वार्टर रामगढ़ और सोनू नन्दी, पिता स्व. मनोरंजन नन्दी, निवासी पीटीपीएस (हेसला) थाना पतरातु के रूप में हुई।

वहीं तलाशी के क्रम में पुलिस को बादल कुमार के कमर में खोसा हुआ बिना मैगजीन का एक देशी पिस्टल और दाहिने पॉकेट से 9mm की दो जिन्दा गोली मिली। वहीं सोनू नन्दी के दाहिने कमर में खोसा हुआ एक देशी पिस्टल और बॉये पॉकेट से एक 9mm की जिन्दा गोली मिली। पुलिस ने दोनों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल और बाइक (JH 01AM 4316) जब्त करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि अपने स्वीकारोक्ति बयान में अभियुक्तों ने बताया कि वे पाण्डेय गिरोह के लिये काम करते है और लेवी नहीं मिलने पर वे किसी आपराधिक घटना की योजना को लेकर भ्रमणशील थे। इस संदर्भ में रामगढ़ थाना में काण्ड संख्या 90/2026 दिनांक-15.04.2026 धारा-308 (2)/308 (4)/308(5)/111(2) (b)/111(3) /111(4) बी०एन०एस० एवं 25 (1-B) a/25 (1-B) (i)/26 (2)/35 आर्म्स एक्ट दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया है। 

 

By Admin

error: Content is protected !!