बेहतर कार्य करने वाले विभागों को दी जाएगी प्राथमिकता : उपायुक्त

रामगढ़: जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के उप विकास आयुक्त, विभिन्न विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों के अधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा डीएमएफटी के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। योजनाओं की प्रभावी एवं नियमित मॉनिटरिंग के उद्देश्य से सभी कार्यकारी एजेंसियों के साथ एक मानकीकृत फॉर्मेट साझा किया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे तीन दिनों के भीतर निर्धारित फॉर्मेट में योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी भरकर उपलब्ध कराएं। इस फॉर्मेट में योजनाओं का भौतिक प्रगति, वित्तीय प्रगति और हैंडओवर स्टेटस सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का समावेश किया गया है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से डीएमएफटी के तहत जिले में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे सभी विकास कार्यों की समेकित जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे उनकी नियमित समीक्षा एवं निगरानी करना और अधिक प्रभावी हो सकेगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त  ऋतुराज ने स्पष्ट रूप से कहा कि विभागों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि भविष्य में उन्हीं विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका कार्य निष्पादन संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण पाया जाएगा।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को इन विकास कार्यों का अधिकतम लाभ मिल सके।

By Admin

error: Content is protected !!