भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को आत्मसात करें : रोशन लाल चौधरी
भुरकुंडा (रामगढ़): भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को बिरसा चौक, भुरकुंडा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज गुप्ता ने भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने धरती आबा के संघर्ष, त्याग, बलिदान और अदम्य साहस को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान विधायक रोशन लाल चौधरी जी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि वे जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकार, संस्कृति और अस्मिता के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष कर देश की आजादी के आंदोलन को नई दिशा दी। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना जिन महान बलिदानियों और आंदोलनकारियों के संघर्षों के परिणामस्वरूप हुई, उनके सपनों का समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर झारखंड बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धरती आबा के आदर्शों को आत्मसात कर राज्य के विकास और जनजातीय समाज के सम्मान एवं अधिकारों के लिए निरंतर प्रयास करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, जिला कोषाध्यक्ष अशोक सोनी, सांसद प्रतिनिधि सतीश मोहन मिश्रा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मनोज राम, योगेश दांगी, अशोक कुमार, जनार्दन सिंह, विनोद सिंह, संतोष शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप मांझी, जय कुमार, अमित साव, शंकर मांझी, विद्यासागर ओझा, राजेश मंडल सहित कई लोग उपस्थित रहे।


