डीसी-एसपी सहित कई हुए शामिल, किया गया सामूहिक श्रमदान 

रामगढ़: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन की ओर से ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ और श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुम लता कुमारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष रणधीर कुमार सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वच्छता का संदेश देते हुए दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ कोठार चौक, रामगढ़ से प्रारंभ होकर कैथा छठ तालाब परिसर में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में सहभागिता निभाने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

दौड़ के समापन के उपरांत कैथा छठ तालाब परिसर में उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। इस दौरान सभी ने मिलकर तालाब परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की तथा स्वच्छ एवं सुंदर सार्वजनिक स्थलों के निर्माण में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक व्यवहार एवं जीवनशैली में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, जलाशयों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के अंत में दौड़ के विजयी प्रतिभागियों को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।