रामगढ़: भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यह पहला मौका है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा का कमल खिला है। इसके साथ ही असाम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में एनडीए ने बहुमत हासिल किया है। इस जीत पर भुरकुंडा कोयलांचल में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। चुनाव परिणाम को लेकर आम लोग भी खासे उत्साहित दिखे। चौक चौराहों पर एकतरफा पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम को लेकर चर्चा का बाजार काफी गरम रहा। चुनावी रूझान साफ होते ही जगह-जगह भाजपा समर्थकों ने पटाखे फोड़ जीत का आनंद मनाया।

भाजपा भुरकुंडा मंडल ने मनाया जीत का जश्न

पश्चिम बंगाल, आसाम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान के नेतृत्व में बिरसा चौक से गाजे-बाजे के साथ मेन रोड पर विजय जुलूस निकाला गया। जिसमें शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर पटाखे फोड़े। साथ ही एक-दूसरे को मिठाई और “झालमुड़ी” खिलाकर जीत की बधाई दी। जुलूस में भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, योगेश दांगी, शैलेंद्र कुमार, विजय सिंह, राजेश सोनी, महेश साव, राजू मल्होत्रा, संदीप कुमार, राजेंद्र, निशांत विजय सिंह, काला बाबू, विनोद सिंह, अवधेश पासवान, विनय भगत सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं ने खबर सेल से अपनी खुशी साझा की। 

भाजपा रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बबला ने कहा कि यह बेहद भावुक करने वाला अवसर है। आज पश्चिम बंगाल के लोगों को भय और अराजकता से मुक्ति मिल गई है। यह पश्चिम बंगाल की जनता और भाजपा समर्पित कार्यकर्ताओं की जीत है। यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता का विश्वास और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की कुशल रणनीति का परिणाम है।
भाजपा ओबीसी मोर्चा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय प्रभारी योगेश दांगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल आज भगवामय हो गया है। भाजपा की प्रचंड जीत से पश्चिम बंगाल में विकास को अब गति मिलेगी। जनता को भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी। पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक उत्थान का मार्ग अब  प्रशस्त हुआ है।
भाजपा भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष चुनाव के लिए भारतीय चुनाव आयोग बधाई की पात्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पश्चिम बंगाल की जनता ने मुहर लगाया है। आनेवाले समय में झारखंड में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
भाजपा भुरकुंडा मंडल के पूर्व अध्यक्ष सतीश मोहन मिश्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम का सभी देशवासी की निगाहें टिकी हुई थीं। भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर विकास विरोधी तत्वों को करारा जवाब दिया है। पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास को चुना है और निर्भीक होकर मतदान किया है। यह जीत बंगाल की जनता की जीत है।
भारतीय नौजवान सेना के अध्यक्ष विश्वरंजन सिन्हा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत ऐतिहासिक घटना है। भारतीय चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों ने शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष चुनाव कराकर सराहनीय कार्य किया। जनता ने भी निडर और निर्भीक होकर मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र की गरिमा को कायम रखा। जनता का भरोसा केंद्र की एनडीए सरकार पर बढ़ता जा रहा है। 

 

By Admin

error: Content is protected !!