लोहरदगा: जिले के कुडू प्रखंड स्थित लापुर मैदान में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय पांच जिला स्तरीय इज्तेमा की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन में रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और खूंटी जिले के जायरीनों के शामिल होने की संभावना है। उनके आवागमन को सुगम बनाने के लिए करीब दो किलोमीटर जर्जर सड़क का निर्माण पूरा करा लिया गया है। वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर शनिवार को पूर्व मंत्री एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में बंधु तिर्की ने पुलिस अधिकारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इज्तेमा में आने वाले जायरीनों को आवागमन और अन्य सुविधाओं में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान संबंधित टोल प्लाजा प्रबंधन को 12 से 15 नवंबर तक इज्तेमा में शामिल होने वाले वाहनों से टोल टैक्स नहीं लेने के संबंध में अवगत कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में लोहरदगा डीएसपी शारधा केरकेट्टा, चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक, मांडर थाना प्रभारी मनोज कर्मा झा और कुडू थाना प्रभारी नीरज कुमार झा मौजूद थे।

दो किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा

इज्तेमा में आने वाले जायरीनों की सुविधा को देखते हुए रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस महासचिव हाजी परवेज आलम की पहल पर करीब दो किलोमीटर जर्जर सड़क का निर्माण कराया गया है। इसमें सोंस मोड़ से लापुर इज्तेमा मैदान तक लगभग एक किलोमीटर और लापुर मैदान से बालसोकरा मोड़ तक करीब एक किलोमीटर सड़क शामिल है। निर्माण कार्य इज्तेमा शुरू होने से पहले पूरा कर लिया गया है।

हाजी परवेज आलम ने जायरीनों को होने वाली आवागमन की परेशानी को देखते हुए सड़क निर्माण की पहल की थी।

आयोजन समिति और प्रशासन ने तेज की तैयारी

इज्तेमा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में इज्तेमा आमिर इम्तियाज साहब, सरपरस्त आलम कुरैशी, आरिफ खान, हाजी परवेज आलम, लापुर इज्तेमा सदर नईम खान उर्फ गुड्डू, लापुर सदर जावेद अख्तर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोजिबुल्लाह, जावेद, चान्हो प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष इस्तियाक अंसारी, जमील, रौशन कुरैशी, अफरोज अंसारी, हसन अंसारी, फारूक अंसारी, हलीम अंसारी, हुसैन अंसारी, हाजी अब्दुल कुद्दूस, मौलाना अब्दुल कलाम, शेराजुल खान, जुल्फान अंसारी, हाजी सदरूल अंसारी, हाजी मुर्तजा और हाफिज अब्दुल अजीज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।