रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक कर जन शिकायत निवारण प्रणाली में प्राप्त लंबित आम नागरिकों की शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अत्यावश्यक मामलों का निष्पादन सात दिनों के भीतर और मध्यम मामलों का निष्पादन 15 दिनों के अंदर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

उपायुक्त ने जिलास्तरीय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय में जन शिकायत कोषांग का गठन कर कार्यालय व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।वहीं पूर्व में आयोजित बैठक के आलोक में उपायुक्त ने पुनः निर्देशित किया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का नियमित भ्रमण-निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इसके लिए साप्ताहिक रूप से तिथि निर्धारित कर जन आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। विशेष रूप से पेयजल, विद्युत एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

उपायुक्त ने आगामी समीक्षा बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों/सीसीएल, एसडीपीओ, स्वास्थ्य विभाग, अभियंता समूह सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अनुपस्थिति की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में समाहरणालय के सभी वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, महाप्रबंधक सीसीएल, अरगडा एवं रजरप्पा प्रोजेक्ट के अधिकारी तथा जन शिकायत कोषांग के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!