अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होगा ‘योगमय झारखण्ड 2026’ कार्यक्रम
रामगढ़: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद् के निर्देश पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, रामगढ़ के परिसर में जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी प्रखंडों से चयनित दो-दो शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के निमित्त आयोजित इस शिविर के दौरान पतंजलि के विख्यात योग प्रशिक्षक रजनीकांत राठौड़ एवं सीमा कुमारी ने उपस्थित सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को योग की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षकों द्वारा सामूहिक रूप से आसन, प्राणायाम तथा सूर्यनमस्कर जैसी महत्वपूर्ण योग विधाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, ताकि ये शिक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय जनसमुदाय को पूर्ण शुद्धता के साथ योग का अभ्यास करा सकें।
इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना साझा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आगामी 21 जून को जिले के समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में ‘योगमय झारखण्ड 2026’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया जाएगा। इस वृहद अभियान को सुचारू रूप से धरातल पर उतारने के लिए समयबद्ध प्रशिक्षण रूपरेखा तैयार की गई है।
जिला प्रशासन ने रामगढ़ के सभी नागरिकों, प्रबुद्ध जनों तथा छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे 21 जून को अपने नजदीकी आयोजन स्थलों पर पहुंचकर योग शिविरों का हिस्सा बनें तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
