पतरातू (रामगढ़): पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। पीवीयूएनएल टाउनशिप ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों, सीआईएसएफ जवानों, संविदा कर्मियों और स्कूली छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (परियोजना) बिष्णु दत्ता दास, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) ओ.पी. सोलंकी और स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा रेनू सहगल मौजूद रहे। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की करीब 40 छात्राओं ने भी योगाभ्यास किया। सामूहिक योग सत्र की शुरुआत कॉमन योगा प्रोटोकॉल से हुई। प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया और योग के शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक लाभ बताए।
मौके पर सीईओ ए.के. सहगल ने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है जो स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम में पीवीयूएनएल परिवार की स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक एकता के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता दिखी। कार्यक्रम का समापन सभी के स्वस्थ और निरोग जीवन की कामना के साथ हुआ।
