प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को किया साझा

रामगढ़: भारत सरकार की राज्य स्तरीय ‘दिशा’ समिति के सदस्य देवेश तिवारी सोमवार को रामगढ़ जिला प्रवास पर पहुंचे। अपने दौरे के उपरांत उन्होंने स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों के साथ एक विस्तृत प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए देवेश तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने रामगढ़ जिले सहित पूरे क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजनाओं के सकारात्मक प्रभावों और उपलब्धियों को रेखांकित किया।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने देश के ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का ऐतिहासिक काम किया है। रामगढ़ जिले में भी हजारों घरों तक ‘नल से जल’ पहुंचाकर माताओं-बहनों को पानी की समस्या से मुक्ति दिलाई गई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों जरूरतमंदों को मुफ्त राशन देकर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई है, जिससे वैश्विक संकटों के दौर में भी देश का कोई नागरिक भूखा नहीं सोया। दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ के तहत गरीबों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, जिसने आम जनता को गंभीर बीमारियों के इलाज के भारी-भरकम खर्च से बचाया है।

उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से देश के गरीब, बेघर और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को पक्का मकान देकर उनके जीवन को सम्मानजनक बनाने का संकल्प धरातल पर पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और नेशनल हाईवे नेटवर्क के विस्तार से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच की दूरी कम हुई है, जिससे व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार की योजनाएं किसी जाति, धर्म या वर्ग को देखकर नहीं, बल्कि पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति (अंत्योदय) को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। हमारा प्रयास है कि रामगढ़ जिले का हर पात्र नागरिक इन योजनाओं के बारे में जागरूक हो और सीधे इसका लाभ उठाए। भ्रष्टाचार पर पूरी तरह लगाम कसते हुए डीबीटी  के माध्यम से पूरा पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।

वहीं देवेश तिवारी ने मीडियाकर्मियों से अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार क जनकल्याणकारी और विकासपरक उपलब्धियों को सुदूर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करें, ताकि सूचना के अभाव में कोई भी गरीब अपने अधिकारों और लाभों से वंचित न रह सके।

By Admin

error: Content is protected !!