धनबाद: पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में सोमवार को बड़े स्तर पर मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दिन-रात सुनियोजित कार्यक्रम के तहत चले अभियान में धनबाद मंडल के चेकिंग स्टाफ की कई टीमों ने भाग लिया। टीमों ने धनबाद, गोमो, कोडरमा, डाल्टनगंज समेत मंडल के प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की।
जांच के दौरान कुल 663 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले और बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर कर रहे यात्री शामिल थे। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए यात्रियों से कुल 6,32,595 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। पकड़े गए सभी यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट के साथ ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।
मेगा चेकिंग अभियान का असर स्टेशनों पर साफ दिखा। धनबाद समेत अन्य स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। अचानक हुई सख्ती के बाद यात्रियों में टिकट लेने को लेकर जागरूकता बढ़ी।
धनबाद मंडल के वरीय अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और रेल राजस्व की हानि रोकने के लिए टिकट जांच अभियान निरंतर चलाया जा रहा है और यह आगे भी जारी रहेगा। मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने से पहले उचित टिकट अवश्य लें और जिस श्रेणी का टिकट लिया है, उसी श्रेणी के कोच में यात्रा करें। बिना टिकट यात्रा करना दंडनीय अपराध है।
