सदस्यता अभियान को हर कॉलेज तक पहुंचाने पर जोर
रिपोर्ट – एस. अंसारी
रांची: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, झारखंड प्रदेश की प्रदेश स्तरीय सदस्यता कार्यशाला मांडर के ब्राम्बे स्थित जोहार भवन में संपन्न हुई। कार्यशाला का उद्देश्य आगामी सदस्यता अभियान को प्रभावी, सुव्यवस्थित और व्यापक बनाना था। कार्यशाला में सदस्यता अभियान की कार्ययोजना, संगठन की कार्यपद्धति और विद्यार्थियों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान को राज्य के प्रत्येक महाविद्यालय और विश्वविद्यालय तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य करता है। सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़कर शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यशाला में प्रदेश एवं विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आगामी सदस्यता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, प्रदेश संगठन मंत्री पशुपति उपमन्यु, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी, शिवेंद्र सौरभ, देवी सिंह, रोहित देव, प्रिंस सिंह, पिंटू मुंडा, हिमांशु दुबे, व्यवस्था प्रमुख आदर्श प्रसाद, ग्रामीण जिला संयोजक दीपक कुमार सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
