| कोयलांचल में चोरी-चकारी का मौसम आया…पुलिस के लिए चुनौतियां लाया |
भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा कोयलांचल में त्योहारों के मौसम से पहले चोरी-चकारी का कथित ‘सीजन’ आ ही जाता है। इस वर्ष चोरों के हौसले कुछ ज्यादा ही बुलंद दिख रहे हैं। जहां विगत दिनों दुकानों में चोरी का सिलसिला शुरू हो गया, वहीं बिजली केबल की चोरियों से सौंदा ‘डी’ के लोग हलकान हैं। इधर, बेखौफ चोरों ने भुरकुंडा बाजार स्थित जनता टॉकीज को निशाना बनाया है। सिनेमा हॉल से एयर कंडीशनर का कंप्रेशर, एयर कंडीशनर का स्टेबलाइजर, पांच केवी का स्टेबलाइजर, साउंड एंप्लीफायर और दो सीलिंग फैन की चोरी कर ली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सिनेमा हॉल का संचालन विगत तीन माह से बंद है। संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे संतोष कुमार मिश्रा किसी आवश्यक काम से बाहर गए थे और तकरीबन दो माह बाद वे भुरकुंडा लौटे हैं। बुधवार की सुबह साफ-सफाई के लिए जब सिनेमा हॉल खोला गया तो अंदर का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा पाया गया। अंदर जाकर देखने पर कई सामान गायब पाए गए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हॉल में जांच-पड़ताल की। इधर, अनुमान लगाया जा रहा की पीछे की साइड से ‘धातू प्रेमी’ चोर ताला तोड़कर हॉल में प्रवेश कर गए और वारदात को अंजाम दे दिया। चोरी के संबंध में संतोष कुमार मिश्रा ने भुरकुंडा ओपी में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बताया जाता है कि वर्ष 1967 में स्थापित हुए जनता टॉकीज में चोरी की यह पहली घटना है। सिनेमा हॉल में चोरी से स्थानीय लोग हैरत में हैं। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
