रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य के हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए झारखंड संयुक्त सिविल सेवा मुख्य लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 2025 सहित कुल 9 भर्ती परीक्षाओं को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। आयोग ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी पुष्टि की और कहा कि नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। आयोग के अनुसार विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 25, 26 और 27 जुलाई 2026 को रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जानी थी। लेकिन सरकार से प्राप्त निर्देश और परीक्षा संचालन में सामने आई गड़बड़ियों के कारण अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला देते हुए आयोग ने यह कदम उठाया है।

स्थगित की गई अन्य परीक्षाओं में संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा बैकलॉग 2023 और 2025, सिविल जज जूनियर डिवीजन लिखित परीक्षा, सहायक लोक अभियोजक की बैकलॉग और नियमित लिखित परीक्षा, इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्री, प्रोजेक्ट मैनेजर और बॉयलर इंस्पेक्टर की लिखित परीक्षा शामिल हैं। ये परीक्षाएं अगस्त और सितंबर 2026 में प्रस्तावित थीं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी संबंधित परीक्षाएं अगली सूचना तक स्थगित रहेंगी। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम और नई तिथियों की घोषणा अलग से की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। प्रेस विज्ञप्ति आयोग की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है।

पिछले कुछ दिनों से JPSC की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष था। बुधवार को रांची में छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया और कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। इसी घटनाक्रम के बीच आयोग का यह फैसला आया है। हालांकि आधिकारिक आदेश में केवल सरकारी निर्देश और परीक्षा संचालन में हुई गड़बड़ी को ही स्थगन का आधार बताया गया है। आयोग के इस निर्णय से हजारों अभ्यर्थियों की तैयारियों पर फिलहाल विराम लग गया है। अब सभी उम्मीदवार नए परीक्षा कार्यक्रम और तिथियों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। 

 

By Admin

error: Content is protected !!