• हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं को मिलेगी गति
• बेहतर कनेक्टिविटी और सड़क सुरक्षा को लेकर हुई चर्चा
हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को बेहतर बनाने और लंबित परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की सड़क सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अधूरे पड़े कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सांसद ने एनएच-33 पर चुटुपालु घाटी, चौपारण–बाराचट्टी मार्ग के दनुवा-बनुवा और चरही घाटी में स्थित ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। मंत्री गडकरी ने बताया कि इन स्थानों पर फिलहाल अस्थायी सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं और स्थायी समाधान की स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बैठक में चरही के घाटो मोड़ पर लंबे समय से प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का मुद्दा भी रखा गया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने संबंधित विभाग को तत्काल डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया। सांसद ने कारगिल पेट्रोल पंप से बड़कागांव, केरेडारी, टंडवा, कल्याणपुर, पिपरवार, डकरा और खलारी होते हुए बिजूपाड़ा तक जाने वाले राज्य राजमार्ग-7 को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग भी की। उनका कहना था कि इससे कोयला और औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
हजारीबाग रिंग रोड परियोजना पर भी चर्चा हुई। लगभग 26 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में एनएच-522 को सिलवार से बाईपास करते हुए कटकमसांडी रोड पार कर सलगा गांव से जोड़ने का प्रस्ताव है। मंत्री ने बताया कि यह प्रस्ताव अभी राज्य सरकार के स्तर पर लंबित है और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इस रिंग रोड के बनने से हजारीबाग शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
मुलाकात के संबंध में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आधुनिक सड़क नेटवर्क और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को जल्द गति मिलेगी, जिससे विकास को नया आयाम मिलेगा।
