चतरा: युवा कांग्रेस कमेटी चतरा और एनएसयूआई चतरा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सदर प्रखंड स्थित अंबेडकर छात्रावास के पास ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित कुमार और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हर्षित चित्रांश ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू शामिल हुए। प्रोजेक्टर और एलसीडी के जरिए देशभर में हुए पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं, भर्ती में देरी और बढ़ती बेरोजगारी के आंकड़े छात्रों को दिखाए गए।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले कई वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और व्यवस्था की खामियों से करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। आरोप लगाया कि सरकार समस्या सुलझाने के बजाय छात्रों की आवाज दबा रही है। हाल के छात्र आंदोलन के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज की भी निंदा की गई।
नेताओं ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए को भंग किया जाए, पेपर लीक मामलों की स्वतंत्र जांच हो, परीक्षा और भर्ती का वार्षिक कैलेंडर बाध्यकारी रूप से लागू हो, छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच हो और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए छात्रों की मांगों को सड़क से संसद तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रदेव गोप, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार दुबे, प्रदेश सचिव निशांत जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पाठक, आभा ओझा, नसरुद्दीन, राजवीर, सत्यम भारद्वाज, अरुण यादव, गौतम पासवान, धीरज अंबेडकर, आनंद यादव, गोविंद पांडा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
