रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को मिली गुप्त सूचना पर पहुंची ने भदानीनगर ओपी के निकट ब्राउन शुगर के साथ 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में भदानीनगर ओपी क्षेत्र के चिकोर गांव निवासी एजाज अंसारी उर्फ विक्की (26 वर्ष) पिता समद अंसारी, अजमत अंसारी (27 वर्ष) पिता अनवर अंसारी और राहुल कुमार बेदिया (25 वर्ष)पिता द्वारिका बेदिया शामिल हैं।

सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की हरे और काले रंग की बजाज पल्सर डोमिनार मोटरसाइकिल से अवैध ब्राउन शुगर लेकर भुरकुंडा से रामगढ़ मुख्य मार्ग होते हुए बरकाकाना की ओर जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। अंचलाधिकारी पतरातु की उपस्थिति में दल ने भदानीनगर ओपी गेट के सामने मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच और एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की।

इस क्रम में मतकमा चौक की ओर से आ रही एक संदिग्ध डोमिनार बाइक को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस बल को देखकर बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगे। छापामारी दल ने खदेड़कर घेराबंदी करते हुए तीनों युवकों को पकड़ लिया। अंचलाधिकारी की उपस्थिति में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई तो उनके पास से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। जिसे तौलने पर कुल वजन 13.65 ग्राम निकला। इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू मशीन, एक बंडल क्रीम रंग का टेप, बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर डोमिनार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस संबंध में पतरातु भदानीनगर थाना में कांड संख्या 193/2026 दिनांक 24.06.2026 धारा 17 बी, 21 बी और 27 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा दि रहा है।

छापामारी दल में पतरातु अंचल के पुलिस निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक मो. अख्तर अली, पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार, भदानीनगर ओपी के सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह, आरक्षी योगेन्द्र प्रसाद और आरक्षी नागेश्वर विश्वकर्मा शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!