बुढ़मू (रांची): न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश पर रविवार को डालसा टीम ने खलारी और बुढ़मू प्रखंड में संचालित सभी लीगल-एड-क्लिनिकों का औचक निरीक्षण किया। सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और न्यायायुक्त रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में निरीक्षण किया गया। जबकि टीम में एलएडीसी सदस्य सहायक वीरेन्द्र प्रताप, अनूप कुमार और स्टाफ मोनू कुमार शामिल थे। टीम ने सभी लीगल एड क्लिनिकों में बैनर, पोस्टर, पम्पलेट और लिफलेट लगाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची की योजनाओं की जानकारी मिल सके।
टीम की ओर से पीएलवी को कहा गया कि क्लिनिक में आने वाले जरूरतमंदों की समस्या सुनकर उनके शिकायत आवेदनों को सीधे डालसा कार्यालय में जमा कराया जाए। साथ ही नालसा और झालसा की योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाए। टीम ने इस बात पर जोर दिया कि विधिक सहायता जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचे और संवेदनशील समूहों के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
