रांची: बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन और मानसून टर्फ के प्रभाव से झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रांची ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी जारी की है।
कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट
27 जुलाई: रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना। अन्य जिलों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं।
28 जुलाई: पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में भारी बारिश का अनुमान। रांची समेत बाकी जिलों में भी गरज-चमक और वज्रपात देखने को मिलेगा।
29 और 30 जुलाई: भारी बारिश की विशेष चेतावनी नहीं है, लेकिन पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश और वज्रपात जारी रहेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है।
तापमान पर असर
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है। खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहें। वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें और विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
