उरीमारी (हजारीबाग): चेक पोस्ट कॉलोनी में पेयजल संकट को लेकर रविवार सुबह कॉलोनीवासियों ने जोरदार आंदोलन किया। आंदोलन के बाद प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में तत्काल पेयजल व्यवस्था बहाल करने पर सहमति बनी है। दरअसल, पेयजल आपूर्ति के लिए नदी में लगाया गया मोटर अचानक आई तेज धार में बह गया था। इससे पूरी कॉलोनी में पानी की आपूर्ति ठप हो गई थी और लोगों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।

पेयजल समस्या को लेकर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के क्षेत्रीय सचिव राजू यादव के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने चेक पोस्ट पर बैरियर बंद कर ट्रांसपोर्टिंग बाधित कर दिया। इसके बाद प्रबंधन के साथ वार्ता हुई। जिसमें परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह मौजूद थे।

वार्ता में ये निर्णय लिया गया कि तत्काल प्रभाव से कॉलोनी में पानी के टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही नया मोटर लगाकर और सोमवार सुबह से कॉलोनी में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू की जाएगी।
इसके साथ ही पीला क्वार्टर स्थित बोरिंग की फ्लशिंग 1-2 दिनों के अंदर कराई जाएगी ताकि वैकल्पिक जल स्रोत भी सुचारू हो सके। 

मौके पर क्षेत्रीय सचिव राजू यादव ने कहा कि पेयजल जनता की बुनियादी जरूरत है। कॉलोनीवासियों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए संगठन लगातार प्रबंधन के समक्ष उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाता रहेगा। प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में तत्काल पेयजल व्यवस्था बहाल करने को लेकर सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं।

आंदोलन में क्षेत्रीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति सदस्य गणेश राम, बिरसा शाखा अध्यक्ष लालो महतो, उरीमारी शाखा अध्यक्ष सीताराम किस्कू, उपमुखिया सतीश कुमार, डॉ. सुनील कुमार सहित बाल्मीकि यादव, राजकुमार सिंह, बृज बिहारी प्रसाद गुप्ता, सुनील गुप्ता, रंजीत करमाली, दीपक यादव, संजय यादव, नाथू प्रसाद, भोला रविदास, जत्रु बेसरा, असलम अंसारी, सुरेश गिरी, चिंटू कुमार, दीपक दास, माखन दास, राकेश, अनिल, अरुण समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!