रांची: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही राजधानी के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रतियों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। अर्घ्य के साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास सहित चार दिनों तक चलने वाली कठिन साधना का समापन हुआ। इसके बाद व्रतियों ने अदरक, ठेकुआ और प्रसाद ग्रहण कर पारण किया।

राजधानी में बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, करमटोली तालाब, स्वर्णरेखा नदी, हटिया-धुर्वा डैम, कांके डैम, रुक्का डैम, जुमार पुल समेत सभी छोटे-बड़े घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। धुर्वा डैम पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालु जुटे हुए थे। महिलाएं लाल, पीली और नारंगी साड़ियों में कमर तक पानी में खड़ी होकर सूर्य को अर्घ्य दे रही थीं।

बताते चलें कि इस बार रांची में कुल 72 पारंपरिक और 63 कृत्रिम यानी कुल 135 छठ घाट तैयार किए गए थे। नगर निगम ने घाटों की सफाई, रोशनी, पेयजल और पहुंच पथ की व्यवस्था की थी।सुरक्षा के लिए गहरे पानी वाले घाटों पर बैरिकेडिंग, लाल फीता और चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। बड़ा तालाब, धुर्वा डैम, कांके डैम, हटिया तालाब और रुक्का डैम में एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की तैनाती की गई थी।