चतरा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में सिमरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लावालौंग-बगरा मुख्य मार्ग पर गोठाई गांव के समीप कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 985 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अपाची बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के टूनगुन निवासी सुधीर ठाकुर और खनगड्ढा निवासी सुरेश गंझू के रूप में हुई है। दोनों कथित तौर पर बाइक से अफीम लेकर लावालौंग से पत्थलगड्डा की ओर जा रहे थे।
मामले की जानकारी देते हुए सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को अफीम की बिक्री के लिए ले जाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए तत्काल टीम गठित की गई। इसके बाद लावालौंग-बगरा रोड पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध बाइक सवारों को रोका गया। तलाशी में अफीम बरामद होने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ, बाइक और मोबाइल को जब्त करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सिमरिया थाना कांड संख्या 145/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
अभियान में सिमरिया अंचलाधिकारी गौरव राय, थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, आरक्षी संजीव कुमार, शंकर प्रसाद मेहता सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
