रांची: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने झारखंड में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष रहे बिरेंद्र प्रधान को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है, जबकि झारखंड प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार जनार्दन पासवान को सौंपा गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार यह बदलाव संगठन विस्तार की रणनीति के तहत किया गया है। बिरेंद्र प्रधान पिछले 26 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं और लंबे समय तक झारखंड में संगठन का नेतृत्व कर रहे थे। उनके कार्यकाल में पार्टी ने जिला और प्रखंड स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद प्रधान ने कहा कि पार्टी में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बनी रहेगी। उन्होंने इस फैसले के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई भूमिका में उनका प्रयास संगठन का दायरा बढ़ाने और युवाओं को जोड़ने पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान के विचार उनकी राजनीतिक यात्रा के प्रेरणास्रोत रहे हैं और वे चिराग पासवान के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान को शुभकामनाएं देते हुए सहयोग का भरोसा दिया।
