रामगढ़: नगर परिषद रामगढ़ क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आगामी एक सितंबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पुनः प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को सूचना भवन स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद, नगर परिषद रामगढ़ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं स्टैंडिंग कमेटी के सभी सदस्य, नगर परिषद रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ करने, कचरे के उचित संग्रहण एवं निष्पादन तथा समग्र स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान दो निर्णय लिया गया कि 01 सितंबर से नगर परिषद क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य पुनः प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही मुर्रामकला स्थित प्लांट में पड़े Legacy Waste के उठाव एवं सफाई का कार्य 15 दिनों के अंदर पूर्ण किया जाएगा। 

उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा कचरे के उचित संग्रहण, परिवहन एवं निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

नगर परिषद रामगढ़ द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाली अथवा खुले स्थान पर न फेंकें। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन के आने पर अपना कचरा उसी वाहन को दें। गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग करके दें।

By Admin

error: Content is protected !!