रांची: ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर कांके प्रखंड के पिठोरिया में अंजुमन कमेटी के सौजन्य से जुलूसे मोहम्मदी का भव्य आयोजन किया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और पूरे रास्ते अमन और भाईचारे का पैगाम गूंजता रहा। जुलूस अलग-अलग टोलों से होते हुए पिठोरिया चौक पहुंचा। जुलूसों के मिलन के बाद पिठोरिया चौक पर जलसे का आयोजन किया गया।
जलसे में उलेमा-ए-किराम ने पैगंबर हजरत मोहम्मद की जिंदगी, सीरत और उनकी तालीमात पर रोशनी डाली। वक्ताओं ने लोगों से इंसानियत, आपसी सम्मान, जरूरतमंदों की मदद और समाज में अमन-ओ-शांति बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान इंतजामिया कमेटी की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए शरबत और पानी का बेहतरीन इंतजाम किया गया था। स्थानीय नौजवानों ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था को बखूबी संभाला, जिसके चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में मुकम्मल हुआ।
मौके पर मुख्य रूप से मुफ्ती साहिद रज़ा (पिठोरिया), शहजाद रज़ा (सीमर टोला), हाफिज हुसैन साहब, हाफिज मुसब्बिर साहब, शहबान अंसारी, आरिफ अंसारी, हफीज साहब, सुभान अंसारी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि जुलूसे मोहम्मदी सिर्फ एक मजहबी आयोजन नहीं, बल्कि प्यार, शांति, सद्भाव और इंसानियत का पैगाम देने का जरिया है। उन्होंने सभी लोगों से मिल-जुलकर रहने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील की।
