पतरातू (रामगढ़): पतरातू में रेलवे सुरक्षा बल ने रेलवे की संपत्ति चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त रंजन कुमार राम उर्फ गुड्डू (26 वर्ष) अंबेडकरनगर सांकुल का रहनेवाला है। उसके पास से रेलवे का दो जॉगल फिश प्लेट बरामद किया गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल पतरातू पोस्ट के अधिकारी और जवान गुरुवार की शाम गश्ती पर थे। इस क्रम में डीजल शेड पतरातू के आगे किलोमीटर संख्या 122/27-29 के बीच एक युवक संदिग्ध अवस्था में बोरी लेकर जाता दिखाई दिया। जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से रेलवे की दो जुगल फिश प्लेट बरामद हुईं। गिरफ्तार युवक की पहचान रंजन कुमार राम उर्फ गुड्डू कुमार (26 वर्ष), पिता स्व. कारू राम, निवासी अंबेडकर नगर, सांकुल, थाना पतरातू के रूप में हुई है।

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसका घर रेलवे लाइन के समीप है। वह दोपहर में शौच के लिए रेल लाइन के किनारे आया था। इसी दौरान उसे रेलवे लाइन के किनारे दो लोहे की फिश प्लेट लावारिस हालत में दिखाई दीं। लालच में आकर वह गांव से पुरानी प्लास्टिक की बोरी लाया और दोनों फिश प्लेट को उसमें भरकर ले जाने लगा। 

आरपीएफ ने बरामद दोनों फिश प्लेट को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर लिया। उपनिरीक्षक सोनू कुमार द्वारा दी गई लिखित प्राथमिकी के आधार पर कांड संख्या 09/2026, दिनांक 27.08.2026, अंतर्गत धारा 3 RP (UP) Act एवं 147 रेल अधिनियम के तहत कांड दर्ज किया गया। बताया जाता है कि अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायिक दंडाधिकारी, रेलवे न्यायालय डाल्टनगंज के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

By Admin

error: Content is protected !!