रांची: बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात शराब पार्टी के दौरान युवकों के बीच हुए विवाद में फायरिंग की घटना हुई। जिसमें गोली लगने से कमड़े निवासी टोनी लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंडा बगीचा में बीती रात कुछ युवक पार्टी के लिए जुटे थे। इस दौरान शराब का सेवन भी किया जा रहा था। रात करीब दो बजे किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान अचानक गोली टोनी लोहार के पेट में जा लगी। जिससे अफरा-तफरी मच गई और कई युवक वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर सदर डीएसपी संजीव बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जानकारी जुटाई।पुलिस की शुरुआती जांच में आपसी विवाद के बाद फायरिंग की बात सामने आई है। हालांकि गोली किसने चलाई और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना के समय मौजूद लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
