रांची: रातू रोड के पिस्का मोड़ स्थित लक्ष्मी नगर में इस वर्ष दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। न्यू सूर्योदय युवा क्लब दुर्गा पूजा समिति, लक्ष्मी नगर, रातू रोड, रांची की ओर से बद्रीनाथ धाम की थीम पर पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। पंडाल में मां दुर्गा शिवलिंग स्वरूप में विराजेंगी।

मुख्य सड़क से पंडाल तक विशेष विद्युत सजावट की जाएगी। रास्ते में आकर्षक तोरण द्वार बनाए जाएंगे। इन्हें आधुनिक और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। समिति के अनुसार विद्युत सजावट पर करीब चार लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

पूजा आयोजन को लेकर समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति के अध्यक्ष विवेक सिंह ने बताया कि बद्रीनाथ धाम की थीम पर पंडाल तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण के साथ आकर्षक सजावट देखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूजा के दौरान लक्ष्मी नगर पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने की अपील की।