रांचीः कांटाटोली के कुरैशी मुहल्ले में स्लॉटर हाउस की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर नगर निगम ने जमीन खाली कराने की कार्रवाई शुरू की है। वार्ड 11 स्थित एमएस प्लॉट संख्या 106 की 1.09 एकड़ सरकारी जमीन पर कार्रवाई की गई। निगम ने पुराने निर्माण और जर्जर बाउंड्री वॉल हटाकर जमीन को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू की।
उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार की अगुवाई में निगम और अंचल की टीम ने जमीन की मापी कराई। इसके बाद स्थल का सीमांकन किया गया। मापी में कुछ हिस्सों पर पक्के और कच्चे निर्माण मिले। इन्हें अतिक्रमण के दायरे में चिह्नित किया गया है।
निगम ने संबंधित अवैध संरचनाओं को हटाने के लिए नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। अतिक्रमण पूरी तरह हटने के बाद जमीन की मजबूत बाउंड्री वॉल कराई जाएगी।
निगम अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को बताया कि इस जमीन पर स्लॉटर हाउस निर्माण की योजना है। लंबे समय से स्थानीय स्तर पर इसकी मांग की जा रही है। घेराबंदी के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
वहीं, निगम की व्यापक योजना के तहत सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कर सुरक्षित रखा जाएगा। ऐसी जमीनों का इस्तेमाल सार्वजनिक हित की परियोजनाओं के लिए किया जा सकता है। इस प्लॉट के संबंध में फिलहाल निगम की बताई योजना स्लॉटर हाउस निर्माण की है।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने निगम की टीम का सहयोग किया। मौके पर विरोध नहीं हुआ। वार्ड पार्षद आलिया नाज, झारखंड प्रदेश जमीयतुल कुरैश के प्रदेश अध्यक्ष मुजीब कुरैशी, पंचायत सदर गुलाम गौस कुरैशी पप्पू, महासचिव प्रवेज कुरैशी, नायब सदर अफरोज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
