हादसे में खलासी घायल, मुआवजे की उठी मांग
चतरा/रांची: सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर मुरवे स्टेडियम के पास रविवार देर रात सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक से कोयला लदा हाइवा टकरा गया। हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग रेफर किया गया है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गैस कटर से केबिन काटकर चालक को निकालने का प्रयास किया गया। रेस्क्यू के दौरान गैस खत्म होने से काम में बाधा आई। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की सूचना पर मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उचित मुआवजे के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई में जुट गई।
