उपायुक्त ने मैराथन के जरिए दिया नदी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश 

रांची/पलामू: गांधी जयंती पर पलामू में कोयल और अमानत नदियों को स्वच्छ रखने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान चलाया। अमानत नदी के किनारे सफाई के साथ पौधरोपण किया गया। अभियान में स्कूली बच्चों के अलावा जिला प्रशासन की टीम ने हिस्सा लिया।

अभियान के तहत मेदिनीनगर स्थित समाहरणालय से कोयल-अमानत संगम तक करीब नौ किलोमीटर मैराथन भी आयोजित की गई। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने भी इसमें हिस्सा लिया और करीब 48 मिनट में दूरी पूरी की। हेमंत नामक युवक ने 32 मिनट में नौ किलोमीटर की दौड़ पूरी की।

उपायुक्त ने कहा कि नदियों में सीवेज सीधे बहाने के बजाय उसका ट्रीटमेंट किया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि नदी संरक्षण और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की जा रही है। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2024 को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी प्रशासन प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि नियमों के पूर्ण क्रियान्वयन में अभी कुछ कमियां हैं, जिन्हें दूर करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उपायुक्त ने लोगों से नदियों में कचरा नहीं डालने और उन्हें स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।