भुरकुंडा/ उरीमारी: बीती शाम क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग सड़क दुघर्टनाओं में दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

पहली दुर्घटना उरीमारी ओपी क्षेत्र में घटी है। जहां पारगड़ा, पोटंगा निवासी सीसीएल कर्मी टुल्लू मांझी बाइक पर उरीमारी से अपने घर जा रहे थे। इस क्रम में भारत भारती स्कूल के समीप सड़क पर अचानक मवेशी आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए भुरकुंडा अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची गांधीनगर अस्पताल रेफर कर दिया। वे सीसीएल के न्यू बिरसा परियोजना में कार्यरत हैं।

दूसरी दुर्घटना भुरकुंडा ओपी क्षेत्र सयाल मंगल बाजार के निकट हुई है। जहां बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल की पहचान पतरातू मेन रोड निवासी सनोज कुमार, पिता विजय साव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे भुरकुंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया।