रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म के पारंपरिक संस्कार निभाए। मुख्यमंत्री ने स्थानीय परंपरा के अनुरूप अपनी माता की स्मृति में उन्हें दातून, पानी और भोजन परोसने की पारंपरिक संस्कार रस्म परिवारजनों के साथ निभाई। स्थानीय परंपरा के अनुसार यह संस्कार दिवंगत व्यक्ति की याद में सुबह और शाम किया जाता है। मुख्यमंत्री ने यह संस्कार स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुरूप परिजनों के साथ पूरे किए।

नेमरा पहुंचे कई दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में नेताओं का तांता लगा रहा।झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी भी नेमरा पहुंचे और मुख्यमंत्री से मिलकर दिवंगत रूपी सोरेन जी को श्रद्धांजलि दी। उनके अलावा सांसद पप्पू यादव, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और दिवंगत माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया।


