रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर शोक जताने के लिए कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा निर्दलीय सांसद पप्पू यादव रामगढ़ के नेमरा पहुंचे। दोनों नेताओं ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

नेमरा में मुलाकात के बाद सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने जेन-जी आंदोलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग और वोट चोरी से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। पप्पू यादव ने कहा कि युवाओं के आंदोलनों को दबाने का प्रयास सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।

दूसरी ओर, भूपेश बघेल ने इस दौरे के दौरान मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया। इससे पहले रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया था। वहां से वे नेमरा पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की।