पलामू/रांची: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा में रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर हुआ।
बताया जाता है कि मुंदरिया गांव के तीन युवक अपाचे बाइक से लेस्लीगंज कपड़े खरीदने जा रहे थे। बसौरा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसे में गोलू सिंह, कुश सिंह और राकेश सिंह घायल हो गए।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पांकी के पूर्व विधायक बिट्टू सिंह ने घायलों को सड़क पर पड़ा देखा और एंबुलेंस से उन्हें एमएमसीएच मेदिनीनगर भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान गोलू सिंह की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


