बोकारो/रांची: चास थाना क्षेत्र के नगेन मोड़ के पास रविवार को अनियंत्रित ट्रेलर एक मिठाई दुकान में जा घुसा। हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बोकारो-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग 32 पर सुबह तकरीबन 06:30 बजे पश्चिम बंगाल जाता तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पूजा स्वीट्स दुकान में घुस गया। इस क्रम में ट्रेलर की चपेट में आकर दुकान में बैठे दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान प्रह्लाद झा और सिदाम राय के रूप में हुई।
दुर्घटना की जानकारी पर पिंडराजोड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बोकारो सदर अस्पताल भिजवाया।घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर एनएच-32 को जाम कर दिया। जिससे आवागमन बाधित हो गया।
इसकी जानकारी पर पहुंचे चास के बीडीओ प्रदीप कुमार ने लोगों को समझाया और सरकारी प्रावधान के तहत उचित पहल करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम हटा लिया।

