रांची: झारखंड में मानसून की विदाई के साथ मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 13 अक्टूबर को राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, हजारीबाग और कोल्हान प्रमंडल के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हालांकि, बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। मानसून की वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ बारिश का दौर भी कमजोर पड़ सकता है।

12 अक्टूबर को रांची में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सुबह-शाम बढ़ेगी हल्की ठंडक
मानसून की विदाई के बाद झारखंड में सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने के आसार हैं। हालांकि, दिन में गर्मी का असर बना रह सकता है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने की संभावना है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

