उरीमारी (हजारीबाग): नवरात्र के पावन अवसर पर भारत भारती विद्यालय उरीमारी में मंगलवार को मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां सरस्वती का पूजन कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
आचार्य परमानंद के मार्गदर्शन में पूजा संपन्न हुई। विद्यालय के सहायक निदेशक अभिषेक कुमार यादव पूजा में संकल्प के साथ बैठे। पूजा-अर्चना के दौरान आचार्य परमानंद जी ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, ज्ञान और संस्कार की वृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस धार्मिक आयोजन में क्लास एलकेजी से लेकर कक्षा 5 तक के छोटे बच्चों के साथ-साथ कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूजा के उपरांत विधिवत हवन एवं आरती का आयोजन किया गया।
हवन और आरती में विद्यालय के सचिव गोपाल यादव ने भी विशेष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों और उपस्थित अतिथियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर मुख्य रूप से विद्यालय के प्राचार्य माहे आलम अंसारी, उप प्राचार्य अर्जुन कुमार साव, शिक्षक ललन कुमार, शिव शाह, रंजीत कुमार सहित विद्यालय की कई महिला शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।

