रातू (रांची): प्रखंड अंजुमन इस्लामिया, रातू के त्रिवार्षिक चुनाव में पांच पदों पर मुकाबले की तस्वीर उभरने लगी है। शुक्रवार देर रात तक पहले दिन 12 प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने की जानकारी सामने आई। सदर और खजांची पद के लिए सबसे अधिक तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान 31 अक्टूबर को लॉरेंस इंटर कॉलेज, हुरहुरी में होगा।

सदर पद के लिए फुटकल टोली के अताउल्लाह अंसारी, चापा टोली के जसीम अंसारी और सिमलिया के शमीम मंसूरी ने पर्चा भरा है। सेक्रेट्री पद के लिए पंडरा के मुंतजिर खान और भोंडा के अनीसुल रहमान ने नामांकन दाखिल किया।

नायब सदर पद के लिए सैय्यद फिरोज और काठीटांड़ के अंजुम खान ने दावेदारी पेश की। वहीं, नायब सेक्रेट्री पद के लिए फुटकल टोली के मोख्तार अंसारी और हाजी चौक, सिमलिया के अकीब अंसारी ने नामांकन किया। खजांची पद के लिए फुटकल टोली के अजमूल हक, जाड़ी के तौफीक अंसारी और पिर्रा फुटकल टोली के वसीम मल्लिक मैदान में हैं।

चुनाव समिति के अनुसार, नामांकन की प्रक्रिया 16 और 17 अक्टूबर को निर्धारित है। 18 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच के साथ नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 21 अक्टूबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

31 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। चुनाव को लेकर क्षेत्र में सरगर्मी बढ़ गई है और विभिन्न पदों पर उम्मीदवारों की दावेदारी के साथ चुनावी गतिविधियां तेज हो रही हैं।