21 अक्टूबर को सिरका में मिला था शव

रामगढ़: पुलिस ने रोहित प्रजापति हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी, उसकी मां, साला और पत्नी का प्रेमी शामिल है। पुलिस के अनुसार दिनांक 21 अक्टूबर 2026 की कुजू ओपी क्षेत्र के गिद्दी-नईसराय रोड में झोपड़ी बस्ती के समीप सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया। जिसकी पहचान रोहित कुमार उम्र करीब 38 वर्ष पिता स्वर्गीय हरिया प्रजापति निवासी कहुवाबेड़ा, जिला रामगढ़ के रूप में हुई। शव पर गला घोंटे जाने के निशान पाए गए जिससे स्पष्ट हुआ कि हत्या कर शव को लाकर फेंका गया है।

इस संबंध में मृतक के भाई करण कुमार के आवेदन पर मांडू थाना कांड संख्या 241/2026 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय रामगढ़ के दिशा-निर्देश में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में पाया गया कि हत्या की घटना को अंजाम देने और हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को घटनास्थल पर लाकर फेंका गया था। घटना में मृतक की पत्नी अंजू देवी, सास सुन्दरी देवी, साला दिनेश्वर प्रजापति तथा मृतक की पत्नी का प्रेमी मोहम्मद शौकत अंसारी शामिल पाए गए। पूछताछ के दौरान चारों अभियुक्तों ने अपना-अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा लकड़ी का पट्टा और गला घोंटने में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद शौकत अंसारी (35 वर्ष) पिता मोहम्मद मुख्तार अंसारी निवासी नीम टोला मनुवा, अंजू देवी (32 वर्ष) पति स्वर्गीय रोहित कुमार निवासी कहुवा बेड़ा, सुन्दरी देवी (52 वर्ष) पति स्वर्गीय कजरू प्रजापति और दिनेश्वर प्रजापति (26 वर्ष) पिता स्वर्गीय कजरू प्रजापति दोनों निवासी कोरचे थाना रजरप्पा जिला रामगढ़  शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जांच टीम टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन, अंचल निरीक्षक मांडू पंकज कुमार, कुजू ओपी प्रभारी अरविन्द कुमार, कुजू ओपी के आशीष कुमार गौतम, अभिनव कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी मोहम्मद नौशाद, राजेश कुमार, रवि नारायण शर्मा, दिलीप कुमार वर्णवाल, लालू सोरेन सहित सशस्त्र बल शामिल थे।