रामगढ़: गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली प्रक्रिया के तहत शनिवार को रामगढ़ के सिद्धू-कान्हू मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा का शुभारंभ हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तड़के सुबह 5 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश और सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया था, जिसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा दौड़ प्रारंभ की गई। जानकारी के अनुसार पहले और दूसरे राउंड की शारीरिक परीक्षा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी है, जबकि शेष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा और दौड़ निरंतर जारी है।

जिला प्रशासन पूरी बहाली प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए मुस्तैद है। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के कड़े निर्देशों के तहत जिला प्रशासन व पुलिस बल की पूरी टीम मैदान पर तैनात है।

परीक्षा स्थल पर केवल वैध प्रवेश पत्र धारक अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। अभ्यर्थियों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा के लिए मेडिकल टीम और बैठने की उचित व्यवस्था की गई है।