| हुरहुरी के लॉरेंस हाई स्कूल में होगा मतदान |
रातू: अंजुमन इस्लामिया रातू प्रखंड की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए शनिवार, 31 अक्टूबर को त्रिवार्षिक चुनाव कराया जाएगा। चुनाव में पांच पदों के लिए कुल 16 प्रत्याशी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। मतदान के लिए रातू प्रखंड के हुरहुरी स्थित लॉरेंस हाई स्कूल को केंद्र बनाया गया है। चुनाव समिति ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अध्यक्ष पद के लिए पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अताउल्लाह अंसारी, शाहिद अंसारी, जसीम अंसारी, शमीम मंसूरी और जाकिर अंसारी शामिल हैं। सचिव पद पर अनीसुल रहमान, नौशाद आलम और मुंतज़िर खान के बीच मुकाबला होगा।
इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए अंजुम खान, जियाउल हक और सैय्यद फिरोज चुनाव लड़ रहे हैं। सह-सचिव पद पर आकिब अंसारी और मोख्तार अंसारी आमने-सामने हैं, जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए अजमूल हक, तौफीक आलम और वसीम मल्लिक अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए केंद्र पर तीन बूथ बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने में बूथ एजेंट और स्वयंसेवक सहयोग करेंगे। वहीं, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन मुस्तैद रहेगा।
मतदान समाप्त होते ही दोपहर 3 बजे से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतगणना शुरू होगी। चुनाव समिति ने सभी मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

