रांची: पुलिस ने कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में एक के पैर में गोली लगी है। इनके पास से तीन पिस्टल, गोली, मैगजीन, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दूबे गिरोह के सदस्य एक कार से रिंग रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिंग रोड में एक संदिग्ध कार को रोका और उसमें सवार चार युवकों को धर दबोचा। जिसमें कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, ऋषभ और मोहित कुमार शामिल हैं। इनकी तलाशी में दो पिस्टल, गोली, मैगजीन और मोबाइल मिले।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि सभी राहुल दुबे गिरोह से जुड़े हैं और कांके में कोयला कारोबारी के घर पर फायरिंग समेत ए.के. इंटरनेशनल होटल हजारीबाग के अलावा उरीमारी, हजारीबाग और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं।

इनकी निशानदेही पर पुलिस ने धुर्वा क्षेत्र के सीठियो क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक अन्य सदस्य सौरभ कुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी आत्मरक्षार्थ फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल को पुलिस अभिरक्षा में रिम्स रांची में भर्ती कराया गया है। उसके पास से एक पिस्टल, गोली और मोबाइल बरामद हुआ है।

 

Photo courtesy Ranchi police/social media