96 डिसमिल के दाखिल-खारिज को लेकर हुई हत्या

रांची: नामकुम थाना क्षेत्र में बीते 23 अक्टूबर को हुए राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि कांड में शामिल तीन अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बड़ा घाघरा मौजा की 96 डिसमिल जमीन के विवाद में उनकी हत्या की साजिश रची गई थी।

मिली जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर की रात नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार में हुई वारदात के बाद एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने प्रदीप गोसाई, अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई और सिंधु कुमार गोसाई को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक राजस्वकर्मी ने दस्तावेजों और वंशावली में गड़बड़ी मिलने पर प्रतिकूल रिपोर्ट दी थी, जिसके बाद अंचल ने दाखिल-खारिज के आवेदन खारिज कर दिए थे। इसी से नाराज आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई। मामले में भोला गोसाई, अमित सिंह और शैलेश अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी धर-पकड़ के प्रयास में लगी हुई है।