फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग पर ब्रांबे चौक किया जाम

रांची: मांडर थाना क्षेत्र के टिको गांव स्थित डेयरी फार्म में गुरुवार रात सेवाडीह निवासी रामू उरांव (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन फरार बताए जाते हैं। वहीं हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को ब्रांबे चौक पर एनएच-75 जाम कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जाता है। 

पुलिस के अनुसार मृतक रामू उरांव का ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के एडरा गांव निवासी कारु सिंह (पिता परसन सिंह) के साथ कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात कारु सिंह हथियार लेकर टिको गांव स्थित बालचंद महतो के डेयरी फार्म पहुंचा और संचालक से रामू के बारे में पूछताछ की। रोज की तरह दूध देने पहुंचे रामू पर उसने गोली चला दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची मांडर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी जमीन रंजिश की बात सामने आई है और वारदात में पांच से छह लोगों की संलिप्तता की आशंका है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

शव रखकर एनएच-75 किया जाम

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव के साथ ब्रांबे चौक पर एनएच-75 को जाम कर दिया। इससे रांची-लोहरदगा मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। ग्रामीण ने फरार अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिजनों को मुआवजा और नौकरी की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर खलारी डीएसपी, मांडर सर्किल इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और अंचल प्रशासन मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा जल्द गिरफ्तारी और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।