झामुमो-कांग्रेस पर बरसे नेता, SIR पर फैलाने का लगाया आरोप 

रांची: भाजपा ने सोमवार को राजधानी रांची में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के दौरान भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस और झामुमो सरकार पर जमकर निशाना साधा। पदयात्रा मोरहाबादी स्थित होटल पार्क प्राइम के समीप से शुरू हुई जो रजिस्ट्री कार्यालय होते हुए बापू वाटिका पहुंची। वहां से कचहरी के रास्ते भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय, जेल मोड़ तक गई। कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘SIR तो बहाना है, घुसपैठियों को बचाना है’, ‘आंदोलन नहीं विकास चाहिए’ जैसे नारे लिखे तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी भी की। 

पदयात्रा में शामिल केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी संसद और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। हर दफा हार के बाद कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग तो कभी सुप्रीम कोर्ट पर ही सवाल उठाते रहे हैं। वहीं प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि SIR का बचाव करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया नए मतदाताओं को जोड़ने और मृत व दोहरी प्रविष्टियों को हटाने के लिए है। 1952 से 2025 के बीच 12 बार SIR हुआ, जिसमें 10 बार कांग्रेस के शासन में ही हुआ। अब राजनीतिक कारणों से विरोध हो रहा है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने गम्हरिया थाना में शिकायत लेकर पहुंची महिला से दुष्कर्म और गोड्डा सुंदरपहाड़ी में आदिवासी युवती से दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था बिगड़ी रही है। सभा को पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, जदयू विधायक सरयू राय और भाजपा विधायक सीपी सिंह ने भी संबोधित किया।

मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र राय, विधायक नवीन जायसवाल, मेयर रोशनी खलखो, समीर उरांव, डॉ. मीरा मुंडा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, धीरज महतो समेत हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।