10 साल से चल रहा था जमीन विवाद, गोली मारकर की हत्या

मांडर (रांची): मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिक्को टोली गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई रामू उरांव (55) की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार करीब 10 साल से चले आ रहे जमीन विवाद में साजिश रचकर हत्या की गई थी।

पुलिस के मुताबिक 29 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि टिक्को टोली निवासी रामू उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पत्नी के आवेदन पर मांडर थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज किया गया।

एसएसपी रांची के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्य के आधार पर पहले तीन आरोपी राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह उर्फ तेजना सिंह और ध्रुवा सिंह उर्फ धुरू सिंह को गिरफ्तार किया, जिन्हें 30 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं 1 नवंबर को दो अन्य आरोपी कुलदीप सिंह और राजेंद्र सिंह उर्फ विपिन सिंह को गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई में डीएसपी रामनारायण चौधरी, मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।