रामगढ़: आगामी त्योहारों के मद्देनजर रामगढ़ उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार औचक जांच अभियान चला रहा है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए गुरुवार को विभाग की टीम ने कोठार फ्लाई ओवर, थाना चौक सहित मेन रोड पर विभिन्न होटल और मिठाई दुकानों का औचक जांच किया गया।
इस क्रम में कोठार फ्लाई ओवर के समीप स्थित होटल निराला, पवन होटल, मुखिया होटल और एमआर स्वीट्स, डूबा खेत स्थित विशुराम नमकीन, चट्टी बाजार स्थित शालीमार स्वीट्स, राज रसोई नेक्स्ट, रसराज, राजस्थान कलेवालय, चौपाटी और मेन रोड स्थित गोकुल स्वीट्स का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान राज रसोई नेक्स्ट से काजू बर्फी और बेसन लड्डू और राजस्थान कलेवालय से कलाकंद और काजू बर्फी के नमूने संग्रहित किए गए। सभी चार नमूनों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण में सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी संचालकों को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, एक्सपायर्ड सामग्री का उपयोग नहीं करने और किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित सामग्री व पेय पदार्थों का प्रयोग नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल रहे।

